पंजाब | पंजाब में आने वाले दिनों में मौसम एक बार फिर बदल सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में 18 और 19 सितंबर को भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही तापमान में गिरावट भी दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में भारी बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला जैसे जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
मंगलवार को अचानक मौसम का मिजाज बदलने से चंडीगढ़ ट्राइसिटी (चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला) में ठंडी हवाओं के साथ कई जगहों पर तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने 18 और 19 सितंबर को चंडीगढ़ में भी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।
किसानों को सलाह दी गई है कि वे फसलों की देखभाल और खेतों में जरूरी प्रबंध पहले से कर लें, ताकि संभावित नुकसान से बचा जा सके।
इसके बाद 20 और 21 सितंबर को मौसम शुष्क रहने की संभावना है, इन दिनों के लिए विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।