कुरुक्षेत्र | कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा कस्बे में व्यापारी लगातार दहशत के माहौल में कारोबार करने को मजबूर हैं। हालात यह हैं कि किसी भी व्यापारी को अचानक धमकी भरा फोन या मैसेज मिल सकता है। यदि कॉल रिसीव न करें तो मैसेज द्वारा डराया-धमकाया जाता है और कॉल उठाने पर सीधी फिरौती की मांग की जाती है।
अब तक लाडवा में दर्जनभर से अधिक व्यापारियों को धमकी भरे कॉल मिल चुके हैं। इनमें से 8 व्यापारियों को पुलिस ने सुरक्षा मुहैया करवाई है। शराब के ठेकेदारों से लेकर आईएल्स सेंटर संचालकों तक कई कारोबारियों को गनमैन तैनात कर दिए गए हैं। यह स्थिति साफ तौर पर बताती है कि हरियाणा में कारोबारी माहौल कितना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।
पुलिस प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है और कई बार बदमाशों के साथ मुठभेड़ भी हुई है, लेकिन अपराधियों के हौसले कम होने की बजाय और बढ़ते दिख रहे हैं। जानकारी के अनुसार, ये गैंग स्थानीय नशेड़ियों और विदेश में बैठे गैंगस्टरों के इशारे पर दहशत फैलाकर वसूली कर रहे हैं।
थाना प्रभारी का बयान
लाडवा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जगदीश चंद ने बताया कि जिले में किसी भी हाल में गुंडागर्दी और दहशत फैलाने की इजाज़त नहीं दी जाएगी। शहर के चारों ओर नाके लगाए गए हैं और संदिग्ध वाहनों की कड़ी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब तक 8 व्यापारियों को सुरक्षा प्रदान की गई है और लोगों से अपील की गई है कि अपने वाहनों पर सही नंबर प्लेट ज़रूर लगवाएं।