Mandi, Dharamveer
जालंधर नेशनल हाईवे की दयनीय स्थिति से परेशान लोगों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर सड़क की हालत नहीं सुधरी तो वे सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे। यह अल्टीमेटम ग्रामीणों की ओर से सदर ब्लॉक विकास समिति के उपाध्यक्ष भुवनेश ठाकुर ने दिया।
भुवनेश ठाकुर ने बताया कि हाईवे निर्माण कार्य कर रही कंपनी की लापरवाही से सड़क पूरी तरह से खस्ताहाल हो चुकी है। आलम यह है कि अब यह समझना मुश्किल हो गया है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। चार साल बीतने के बाद भी हाईवे निर्माण का काम पूरा नहीं हो सका है।उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर वे हाल ही में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा से भी मिले थे और उन्हें ज्ञापन सौंपा था। मंत्री ने अधिकारियों को एक सप्ताह में रिपोर्ट देने और 15 दिनों के भीतर सड़क की दशा सुधारने के निर्देश दिए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि मंत्री के आदेशों के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो वे मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। स्थानीय लोग गावर और सूर्या कंपनी पर आरोप लगा रहे हैं कि वे शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रही हैं।लोगों का कहना है कि मौजूदा हालात में ग्रामीण क्षेत्रों का सफर करना बेहद कठिन हो गया है। अगर स्थिति नहीं सुधरी तो तुंगल क्षेत्र के सभी ग्रामीण आंदोलन के लिए तैयार हैं।