Hamirpur, Arvind
पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर पर कांग्रेस ने जमकर निशाना साधा है। कांग्रेस के निवर्तमान ज़िला अध्यक्ष सुमन भारती ने कहा कि अनुराग ठाकुर जनता की समस्याओं से जूझने की बजाय तिरपाल गिनने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसा कि अगर वास्तव में जनता का दर्द समझना है तो मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह से सीखना चाहिए, जो आपदा की घड़ी में हर पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और जिनके कच्चे मकान ढह गए हैं उन्हें 7 लाख रुपये देकर पक्का घर बनाने की घोषणा भी कर चुके हैं।
सुमन भारती ने प्रधानमंत्री की ओर से आपदा सहायता को लेकर किए गए ऐलान पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश को 15 हज़ार करोड़ का नुकसान हुआ है, लेकिन केंद्र सरकार ने केवल 1500 करोड़ (यानी 10 फ़ीसदी) देने की घोषणा की है। इसके बावजूद भाजपा नेता इसे बड़ी उपलब्धि बताने में लगे हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन कार्यक्रमों को लेकर भी भारती ने भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि भाजपा अब गुटबाजी की राजनीति में फंस चुकी है। एक ओर सांसद अनुराग ठाकुर ने हवन यज्ञ किया तो दूसरी ओर राज्यसभा सांसद ने अलग कार्यक्रम आयोजित किया। भाजपा में अब धूमल गुट, नड्डा गुट, जयराम गुट और अन्य खेमे साफ़ नज़र आने लगे हैं।
हमीरपुर के विधायक पर साधा निशाना
हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा को आड़े हाथों लेते हुए भारती ने कहा कि जनता ने उन्हें विधानसभा में अपनी आवाज़ उठाने के लिए चुना था, लेकिन वे मंच का इस्तेमाल परिवारिक मुद्दों को उठाने में कर रहे हैं। जनता से जुड़े मुद्दे विधानसभा तक नहीं पहुंचते और केवल ज्ञापन सौंप कर औपचारिकता पूरी की जाती है।