चंबा | स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिला पर्यटन विभाग चंबा की ओर से “स्वच्छता ही सेवा अभियान” का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला पर्यटन अधिकारी राजीव मिश्रा ने होटल कारोबारियों और उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
राजीव मिश्रा ने कहा कि चंबा एक प्रमुख पर्यटन स्थल है और यहां स्वच्छ वातावरण बनाए रखना न केवल स्थानीय लोगों की, बल्कि होटल कारोबारियों की भी अहम जिम्मेदारी है। उन्होंने होटल संचालकों से आग्रह किया कि वे अपने प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, ताकि यहां आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों के मन में चंबा की सकारात्मक छवि बने।
कार्यक्रम के दौरान होटल व्यवसायियों को प्लास्टिक के उपयोग में कमी, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों पर जागरूक किया गया। साथ ही, होटल संचालकों से यह भी अपील की गई कि वे अपने ग्राहकों को भी स्वच्छता और पर्यावरण बचाने का संदेश आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करें।
पर्यटन अधिकारी राजीव मिश्रा ने कहा, “स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली है। यदि हम सब मिलकर संकल्प लें तो चंबा को देश के सबसे स्वच्छ पर्यटन स्थलों में शामिल किया जा सकता है।”
अभियान में होटल कारोबारी, विभागीय अधिकारी और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे और स्वच्छ चंबा बनाने का संकल्प लिया।