अलीगढ़ | उत्तर प्रदेश के अलीगढ़-कानपुर हाईवे पर मंगलवार सुबह एक भयानक सड़क हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, एक कार डिवाइडर पार कर सामने से आ रहे कैंटर से टकरा गई, जिससे दोनों वाहनों में आग लग गई।
हादसे में कार सवार 4 लोगों और कैंटर सवार 1 व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार एक व्यक्ति को स्थानीय लोगों की मदद से जैसे-तैसे बचा लिया गया और उसे अस्पताल भेजा गया।
यह हादसा अकराबाद क्षेत्र में सुबह हुआ। कार अलीगढ़ से कानपुर की ओर जा रही थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे का कारण कार चालक की नींद लगना या वाहन का असंतुलित होना बताया जा रहा है। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
सूचना मिलते ही मौके पर एसपी देहात अमृत जैन समेत आसपास के थानों की फोर्स तैनात कर दी गई। दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर थोड़ी देर बाद पहुंची। प्रभावित परिवारों को हादसे की जानकारी दी जा रही है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।