बहादुरगढ़ | झाड़ौदा गांव के बाबा हरिदास मंदिर परिसर में खेलने गए मासूम भाई-बहन के शव तालाब में पाए गए। शवों पर सिर और नाक से खून के निशान भी देखे गए। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों किन परिस्थितियों में तालाब में गिरे।
पोस्टमार्टम के बाद दोनों बच्चों के शव परिवार को सौंप दिए गए। मृतक बच्चे नौ वर्षीय रुद्राक्ष और सात वर्षीय आराध्या हैं। दोनों दीपक पांडे के एकमात्र संतान थे।
पुलिस के अनुसार, परिवार पहले दिल्ली-बहादुरगढ़ सीमा के पास गीतांजलि कालोनी में रहता था, लेकिन बाढ़ के कारण एक माह पहले झाड़ौदा गांव में बाबा हरिदास मंदिर के पास किराये के कमरे में रहने लगा। सोमवार शाम लगभग 5 बजे दोनों बच्चे मंदिर परिसर की ओर गए और उसके बाद लापता हो गए।
परिवार ने रात तक दोनों की खोजबीन की, और रात लगभग 11 बजे तालाब के अंदर दोनों के शव पाए गए। पुलिस का कहना है कि बच्चों के फिसलकर तालाब में गिरने की संभावना है, हालांकि मौके पर जांच अभी पूरी तरह से नहीं हो सकी।
यह घटना पूरे गांव और आसपास के इलाके में शोक और तनाव का कारण बनी हुई है।