भोपाल | मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के पंधाना में हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे राज्य को स्तब्ध कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये देने की घोषणा की। पीएमओ की ओर से जारी बयान में कहा गया कि “इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
राहुल गांधी ने भी जताया शोक
लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मध्यप्रदेश में प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई इस दुर्घटना में कई लोग, विशेषकर बच्चे, प्रभावित हुए हैं। उन्होंने शोकाकुल परिजनों और बच्चों के अभिभावकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
मुख्यमंत्री ने भी किया मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और प्रत्येक मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की।
हादसे का दर्दनाक दृश्य
खुशी और उत्साह से भरी शोभायात्रा पाडलफाटा गांव के लिए असहनीय दर्द में बदल गई। कल तक जहां बच्चे और युवा डीजे पर थिरक रहे थे, वहीं आज वही गलियां परिजनों की चीखों और आंसुओं से गूंज रही हैं। शुक्रवार सुबह प्रशासन ने 11 मृतकों के शव पंधाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एम्बुलेंस के जरिए गांव लाए।
सबसे हृदयविदारक कहानी 8 साल की चंदा की है, जिसका शव सबसे अंतिम निकाला गया। उसकी दो छोटी बहनें उसके पास खेल रही थीं और उन्हें अभी तक यह समझ नहीं आया कि उनकी बड़ी बहन अब इस दुनिया में नहीं है।
गांव में संवेदनशील स्थिति को देखते हुए पुलिस का भारी बल तैनात किया गया। एडिशनल एसपी महेंद्र तारणेकर और डीएसपी हेडक्वार्टर अनिल सिंह चौहान भी मौके पर मौजूद थे।