कुरुक्षेत्र | केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार को हरियाणा दौरे पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर स्थित मेला ग्राउंड में नए आपराधिक कानून पर आधारित प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। यहां उन्हें डायल-112 की कार्यप्रणाली, घटनास्थल पर पुलिस जांच प्रक्रिया और थाने की कार्यप्रणाली का डेमो दिखाया गया।
इसके बाद शाह 12 जिलों में लगभग 825 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाली रैली के लिए मेला ग्राउंड में 15 हजार से अधिक लोगों के बैठने की क्षमता वाला विशाल पंडाल बनाया गया है, जिसे 10 ब्लॉकों में विभाजित किया गया है। सुरक्षा को लेकर तीन स्तरीय इंतजाम किए गए हैं। रैली स्थल पर कुल 13 गेट बनाए गए हैं, जिनमें से 10 गेट आम जनता के लिए और 3 गेट वीआईपी एवं वीवीआईपी के लिए आरक्षित रखे गए हैं।
कार्यक्रम में वकील, लॉ स्टूडेंट्स, जनप्रतिनिधि, हाईकोर्ट जज, बार काउंसिल और बार एसोसिएशन के सदस्य भी शामिल होंगे। इससे पहले शाह रोहतक पहुंचे थे, जहां उन्होंने एमडीयू खेल मैदान में साबर डेयरी प्लांट का उद्घाटन किया।