वाराणसी | उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के मदनपुरा क्षेत्र में हनुमान चालीसा लाउडस्पीकर पर चलाने के कारण एक मंदिर के पुजारी को धमकाने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
मंदिर के पुजारी संजय प्रजापति ने बताया कि शुक्रवार को पूजा समाप्त करने के बाद उन्होंने भक्ति गीत टेप रिकॉर्डर पर चलाया। तभी अब्दुल नासिर और उसका बेटा वहां पहुंचे और पुजारी के खिलाफ गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि उन्होंने लाउडस्पीकर बंद करने की चेतावनी दी और कहा कि भविष्य में ऐसा दोबारा हुआ तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इसके बाद कई लोग पुजारी को घेरकर धमकाने लगे।
काशी ज़ोन के पुलिस उपायुक्त गौरव बंसल ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर दोनों आरोपियों को शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया गया है।