नई दिल्ली / इस्लामाबाद: पाकिस्तान और भारत दोनों ही बाजारों में सोने-चांदी की कीमतों ने नया रिकॉर्ड तोड़ दिया है। ऑल-पाकिस्तान जेम्स एंड ज्वेलर्स सर्राफा एसोसिएशन (APGJSA) के आंकड़ों के मुताबिक, पाकिस्तान में एक तोला सोने की कीमत एक दिन में 5,400 रुपए बढ़कर 415,278 पाकिस्तानी रुपए तक पहुंच गई। वहीं, 10 ग्राम सोने की कीमत 4,629 रुपए बढ़कर 356,033 पाकिस्तानी रुपए हो गई। चांदी की कीमतों में भी तेजी देखी गई, प्रति तोला चांदी का भाव 53 रुपए बढ़कर 4,949 पाकिस्तानी रुपए हो गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और स्थानीय बाजार में बढ़ती मांग इस उछाल के प्रमुख कारण हैं। इस तेजी ने निवेशकों और आम जनता दोनों के बीच चिंता और उत्सुकता बढ़ा दी है।
भारत में भी दिवाली से पहले उछाल
दिल्ली और अन्य शहरों में दिवाली के करीब सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया। अखिल भारतीय सराफा संघ के अनुसार, 99.9% शुद्ध सोने की कीमत 24 कैरेट सोने के लिए 2,700 रुपये बढ़कर 1,23,300 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। 99.5% शुद्धता वाले सोने का भाव भी 2,700 रुपये बढ़कर 1,22,700 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंचा।
चांदी में भी तेज़ी जारी रही। 7,400 रुपये की बढ़ोतरी के साथ चांदी का भाव 1,57,400 रुपये प्रति किलो पर पहुंचा। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने की कीमत लगभग 2% बढ़कर 3,949.58 डॉलर प्रति औंस और चांदी का भाव 48.75 डॉलर प्रति औंस हो गया।
विशेषज्ञ निवेशकों को चेतावनी दे रहे हैं कि ऐसी तेजी लंबे समय तक बनी रहने पर स्थानीय मुद्रा और आर्थिक स्थिरता पर असर पड़ सकता है। इस कारण लोग निवेश को लेकर विशेष सतर्कता बरतें।