पूर्व प्रधान ने CBI अधिकारी पर दबाव डालने का लगाया आरोप, पुलिस जांच में जुटी
मंडी, 7 अक्टूबर
मंडी जिला के बल्ह उपमंडल की ग्राम पंचायत सिध्याणी के पूर्व प्रधान गिरधारी लाल ने एक CBI अधिकारी पर बयान बदलवाने और झूठी गवाही देने के लिए दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। गिरधारी लाल का कहना है कि अधिकारी ने उनसे मारपीट तक की कोशिश की।उन्होंने इस संबंध में एसपी शिमला को लिखित शिकायत सौंपकर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गिरधारी लाल के अनुसार, वह चिट्टा तस्करी के एक मामले में मौके का गवाह है। यह मामला मार्च 2024 में सामने आया था, जब रिवालसर पुलिस चौकी की टीम ने सिध्याणी गांव के पास तीन लोगों को लगभग 287 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। बाद में आरोपियों के परिजनों ने पुलिस पर मिलीभगत के आरोप लगाते हुए CBI जांच की मांग की थी, जिसके बाद यह केस एजेंसी को सौंपा गया।
गिरधारी लाल का कहना है कि CBI अधिकारी ने 18 सितंबर को उनके घर आकर पूछताछ की थी और 22 व 30 सितंबर को शिमला कार्यालय में बुलाया। आरोप है कि इन मुलाकातों के दौरान अधिकारी ने उनसे बयान बदलवाने का दबाव बनाया और ऐसा न करने पर मारपीट की धमकी दी।गिरधारी ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे आमरण अनशन पर बैठने को मजबूर होंगे।
एसपी शिमला संजीव गांधी ने शिकायत की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पूछताछ सीसीटीवी निगरानी में की जाती है, इसलिए यह जांचा जाएगा कि संबंधित अधिकारी ने नियमों का पालन किया या नहीं। फिलहाल इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है, लेकिन प्रारंभिक जांच जारी है।