नई दिल्ली | प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना के तहत देशभर के किसानों के लिए 21वीं किस्त का भुगतान प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंगलवार, 7 अक्टूबर को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जम्मू-कश्मीर के बाढ़ प्रभावित किसानों के खातों में कुल 171 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए। इस राशि से लगभग 8.55 लाख किसानों को लाभ मिला, जिनमें 85,418 महिला किसान भी शामिल हैं।
इसके पहले, 26 सितंबर को पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के किसानों को 21वीं किस्त का भुगतान किया गया था। इन राज्यों में हाल ही में हुई भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के कारण किसानों को हुई क्षति की भरपाई के लिए कुल 540 करोड़ रुपये सीधे उनके बैंक खातों में भेजे गए।
अभी किन राज्यों के किसान इंतजार कर रहे हैं?
अनुमान है कि दिवाली 2025 से पहले देश के सभी पात्र किसानों को 21वीं किस्त मिल जाएगी। हालांकि, भुगतान चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है और यह किसानों की पात्रता, e-KYC स्थिति और आधार-बैंक लिंकिंग पर निर्भर करेगा। इसलिए कुछ किसान पहले तो कुछ बाद में राशि प्राप्त कर पाएंगे।
e-KYC प्रक्रिया से समय पर राशि पाएं:
किसान अपने खाते में राशि की स्थिति और पात्रता ऑनलाइन आसानी से चेक कर सकते हैं। e-KYC प्रक्रिया घर बैठे सरल तरीके से पूरी की जा सकती है।
कैसे करें e-KYC:
- pmkisan.gov.in वेबसाइट खोलें और e-KYC विकल्प पर क्लिक करें।
- अपना आधार नंबर और कैप्चा कोड डालें, फिर सर्च पर क्लिक करें।
- आधार से लिंक मोबाइल नंबर दर्ज करें और OTP प्राप्त कर उसे भरें।
- OTP सत्यापन के बाद e-KYC सफल हो जाएगा। सफल e-KYC की जानकारी SMS या ई-मेल के माध्यम से मिलेगी।
- आवेदन और e-KYC के दौरान आधार कार्ड, बैंक पासबुक और पता प्रमाण तैयार रखें। सभी जानकारी सही भरें ताकि राशि सीधे आपके खाते में समय पर आ सके।