सोनीपत। राई स्थित एजुकेशन सिटी में 17 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला उपायुक्त सुशील सारवान ने अधिकारियों संग कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। डीसी ने सबसे पहले हरियाणा खेल विश्वविद्यालय पहुंचकर अधिकारियों की बैठक ली और सभी तैयारियों की बारीकी से समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी और तत्परता से निभाए। इस दौरान हरियाणा खेल विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक कुमार भी मौजूद रहे।
डीसी ने विश्वविद्यालय परिसर में बनाए जा रहे हेलीपैड, पीएम के आगमन मार्ग, मुख्य रैली स्थल और पंडाल निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य मंच, वीआईपी मंच और सांस्कृतिक मंच की तैयारियों पर संबंधित एजेंसी से विस्तृत चर्चा की। वहीं, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, मीडिया सेंटर, मीडिया गैलरी और प्रधानमंत्री के विश्राम कक्ष जैसी सभी व्यवस्थाओं की भी गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने वीआईपी और सामान्य पार्किंग स्थलों का भी जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, ताकि यातायात में किसी तरह की बाधा न उत्पन्न हो। साथ ही नगर निगम के अधिकारियों को आयोजन स्थल के सभी मार्गों की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद डीसी ने सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर डीसीपी के साथ विस्तृत चर्चा की।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन, डीसीपी नरेन्द्र सिंह, एसीयूटी योगेश दिल्हौर, एसडीएम सुभाष चंद्र, एसीपी अजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।