पंचकूला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर से ‘प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना (पीएमडीडीकेवाई) और दलहन आत्मनिर्भरता मिशन’ का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर पूरे देश में समांन्वित कार्यक्रम आयोजित किए गए। पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में भी एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम हुआ, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किसानों को सशक्त बनाने के लिए लगातार ऐतिहासिक और लाभकारी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आज देशभर के किसानों को 42,000 करोड़ रुपये से अधिक की कृषि परियोजनाओं का लाभ मिलेगा। इस अवसर पर कृषि अवसंरचना कोष, पशुपालन, मत्स्य पालन और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की 1100 से अधिक परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया गया।
कार्यक्रम में हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली, पर्यटन एवं सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता बंतो कटारिया और भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री सैनी ने किसानों से कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य उनके आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ कृषि उत्पादन और गुणवत्ता में सुधार लाना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि हरियाणा सरकार इन योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।