Mandi, 15 October
अटल मेडिकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी के स्थानांतरण को रद्द करने की मांग को लेकर बल्ह से भाजपा विधायक इंदर सिंह गांधी ने आत्मदाह की चेतावनी दी है। मंगलवार शाम मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात के बाद विधायक ने कहा कि अगर सरकार यूनिवर्सिटी को वापस नेरचौक नहीं लाती, तो वह आत्मदाह करने को मजबूर होंगे।
विधायक गांधी ने सीएम सुक्खू पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “झूठी गारंटियों” के सहारे सत्ता में आई कांग्रेस सरकार अब जनहित के मुद्दों पर विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीएम के कार्यकाल में हिमाचल की स्थिति “बदहाल” हुई है और जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है।इंदर सिंह गांधी ने मुख्यमंत्री को एक मांग पत्र भी सौंपा, जिसमें यूनिवर्सिटी के अलावा क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं का उल्लेख किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिलान्यास पटिका से उनका नाम जानबूझकर हटाया गया है, जिसके खिलाफ वे न्यायालय जाने की चेतावनी दे चुके हैं।कार्यक्रम के दौरान प्रोटोकॉल विवाद भी सामने आया। विधायक का कहना है कि उन्हें कार्यक्रम में उचित सम्मान नहीं दिया गया और नियमों की अनदेखी की गई। उन्होंने इसके लिए जिला प्रशासन और कांग्रेस नेताओं को जिम्मेदार ठहराया। बाद में डीसी मंडी अपूर्व देवगन के हस्तक्षेप पर उन्हें सीएम और स्वास्थ्य मंत्री के पास बैठने की व्यवस्था की गई।
इसी बीच, सीएम सुक्खू के नेरचौक मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने कॉलेज गेट पर “अटल यूनिवर्सिटी वापस करो” के नारे लगाए। कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया, हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया।