अभिषेक शर्मा और स्मृति मंधाना बने सितंबर के आईसीसी ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’
16 October,2025
भारतीय क्रिकेटरों अभिषेक शर्मा और स्मृति मंधाना ने क्रमशः पुरुष और महिला वर्ग में सितंबर 2025 के लिए आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ का खिताब अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से अन्य दावेदारों को पीछे छोड़ते हुए यह सम्मान हासिल किया।
एशिया कप टी20 में अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने सात मैचों में 44.85 की औसत और 200 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट से 314 रन बनाए। उनकी आक्रामक बल्लेबाज़ी ने न केवल टीम को जीत दिलाई बल्कि उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी बनाया। सुपर फ़ोर चरण के अंत तक अभिषेक ने आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 931 रेटिंग अंक भी प्राप्त किए। उन्होंने यह सम्मान अपने साथी कुलदीप यादव और ज़िम्बाब्वे के ब्रायन बेनेट को पछाड़ते हुए जीता।
अभिषेक ने पुरस्कार मिलने पर कहा कि आईसीसी पुरस्कार जीतना मेरे लिए गर्व की बात है। मुझे खुशी है कि मैं कुछ अहम मैचों में टीम को जीत दिलाने में योगदान दे सका। हमारी टीम की एकता और सकारात्मक मानसिकता ही हमें लगातार सफल बना रही है।”
दूसरी ओर, भारतीय महिला उपकप्तान स्मृति मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू वनडे श्रृंखला में शानदार फॉर्म दिखाई। उन्होंने तीन मैचों में क्रमशः 58, 117 और 125 रन बनाए। कुल मिलाकर चार मैचों में उन्होंने 77 की औसत और 135.68 के स्ट्राइक रेट से 308 रन जोड़े। तीसरे मैच में उन्होंने सिर्फ़ 50 गेंदों में शतक जड़कर किसी भी भारतीय महिला बल्लेबाज़ का सबसे तेज़ शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया।स्मृति ने यह पुरस्कार दक्षिण अफ्रीका की तज़मीन ब्रिट्स और पाकिस्तान की सिदरा अमीन को पछाड़कर जीता।
मंधाना ने कहा,“सितंबर 2025 के लिए आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ का सम्मान पाकर मैं बेहद आभारी हूँ। यह पुरस्कार मेरे व्यक्तिगत प्रयास के साथ-साथ टीम के सामूहिक समर्थन और मेहनत का भी परिणाम है।