Dharamshala, 16 October
हिमाचल प्रदेश सरकार के समग्र शिक्षा अभियान के तहत प्रदेश के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विंटर बूट कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य जेईई, नीट जैसी परीक्षाओं में प्रदेश के छात्रों को सफलता के लिए बेहतर कोचिंग और मार्गदर्शन प्रदान करना है।
इसी श्रृंखला में स्टार्स प्रोजेक्ट के अंतर्गत कांगड़ा ज़ोन को इस बार विंटर बूट कैंप संचालित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। धर्मशाला में आयोजित इस ऑफलाइन कोचिंग एवं एप्टिट्यूड टेस्ट कैंप में प्रदेश के 9 जिलों के 68 विद्यार्थियों ने भाग लिया है।कैंप के कोऑर्डिनेटर विश्वनाथ मलकोटिया ने बताया कि यह पहल हिमाचल प्रदेश सरकार का सराहनीय कदम है,जो ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों को समान अवसर प्रदान करेगी।उन्होंने कहा कि इसी वर्ष मार्च-अप्रैल में आयोजित पिछले बूट कैंप के परिणामस्वरूप कई छात्रों को जेईई, नीट, पॉलीटेक्निक और आईटीआई संस्थानों में प्रवेश मिला था।
विश्वनाथ मलकोटिया ने कहा कि सरकार ने बच्चों के भविष्य के लिए बहुत सराहनीय कदम उठाया है। पिछले कैंप के नतीजों ने दिखाया है कि यह प्रयास कितने प्रभावी हैं, और जैसे-जैसे प्रोजेक्ट आगे बढ़ेगा, छात्रों को और अधिक लाभ मिलेगा।
वहीं,कैंप में गणित विषय की कोचिंग दे रहीं दिव्या मैहता ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को न केवल विषय में दक्ष बनाना है, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास और परीक्षा रणनीति से भी सशक्त करना है।यह बूट कैंप आने वाले महीनों में विभिन्न जिलों में भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि हिमाचल के हर ज़िले के मेधावी विद्यार्थियों को समान अवसर प्राप्त हो सके।