अमृतसर | श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर DRI (डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस) अमृतसर जोनल टीम ने दुबई से लौटे दो यात्रियों के पास से लगभग 1 करोड़ रुपये मूल्य का सोना जब्त किया है। जांच में सामने आया कि यात्रियों ने सोने को कार्गो पैंट में छुपाकर रखा था। जब्त सोने में चैन, कड़े और हाथ में पहनने वाली अंगूठियां शामिल हैं।
पिछले कुछ समय में कस्टम विभाग ने करोड़ों रुपये मूल्य के सोने की स्मगलिंग के कई मामले पकड़े हैं। आमतौर पर हवाई अड्डे पर यह कार्रवाई कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस विंग द्वारा की जाती है, लेकिन DRI की इस ताज़ा कार्रवाई ने एक बार फिर कस्टम विभाग की कारगुजारी पर सवाल उठाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि अकेले कोई व्यक्ति इतनी बड़ी मात्रा में सोना स्मगल नहीं कर सकता। अब यह देखना महत्वपूर्ण है कि अगली जांच में और क्या खुलासे सामने आते हैं और इस मामले में कौन-कौन शामिल पाए जाते हैं।