Ambala, 19 October
अंबाला के ऑब्जर्वेशन होम में आज दिवाली का त्योहार बेहद उत्साह और खुशी के माहौल में मनाया गया। इस खास मौके पर बाल गृह में रह रहे बच्चों ने अपने हाथों से दीये, पेंटिंग और कैंडल बनाईं। इन वस्तुओं को बाद में बेचकर जो भी राशि एकत्र होगी, वह बच्चों के खातों में जमा की जाएगी ताकि भविष्य में जब ये बच्चे समाज में वापस लौटें तो यह राशि उनके काम आ सके।
दिवाली के इस अवसर पर ऑब्जर्वेशन होम के बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों द्वारा बनाए गए दीये, पेंटिंग्स और कैंडल्स न केवल आकर्षक थीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास और हुनर की झलक भी दिखा रही थीं।इस दौरान बच्चों ने नशे के खिलाफ एक नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने समाज को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया और लोगों को इससे दूर रहने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में बच्चों ने बताया कि वे अपने भविष्य को लेकर उत्साहित हैं और अपने हुनर को समाज की भलाई में इस्तेमाल करना चाहते हैं। ऑब्जर्वेशन होम के अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों को आत्मविश्वास मिलता है और वे समाज की मुख्यधारा में शामिल होने के लिए तैयार होते हैं।उन्होंने यह भी बताया कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों को नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखते हैं और उन्हें एक सकारात्मक जीवन जीने के लिए प्रेरित करते हैं।