Dharamshala, Rahul
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने दिवाली के अवसर पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार, दिल्ली और शिमला के लिए विशेष बसें चलाने का निर्णय लिया है। निगम के मंडलीय प्रबंधक पंकज चड्ढा ने बताया कि सोमवार, 20 अक्टूबर को शाम पांच बजे के बाद सभी स्थानीय और लंबी दूरी की नियमित बस सेवाएं बंद कर दी जाएंगी।
उन्होंने कहा कि दिवाली मनाकर लौटने वाले यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए विशेष बसों की योजना बनाई गई है। इसके तहत —
- जोगेंद्रनगर से हरिद्वार के लिए दोपहर 2:50 बजे बस रवाना होगी, जो क्रमशः बैजनाथ (3:44 बजे), पालमपुर (4:50 बजे), नगरोटा बगवां (5:15 बजे) और कांगड़ा (6 बजे) पहुंचेगी।
- धर्मशाला से हरिद्वार के लिए शाम 5 बजे बस चलेगी, जो एक घंटे बाद कांगड़ा पहुंचेगी। यहां यात्रियों की संख्या के अनुसार दोनों बसों की सवारियों को एक बस में भेजा जाएगा।
- बैजनाथ से दिल्ली के लिए रात 9 बजे “हिमधारा” बस रवाना होगी, जो 10:50 बजे कांगड़ा पहुंचेगी। धर्मशाला से आने वाले यात्रियों को इसी बस से आगे दिल्ली भेजा जाएगा।
- धर्मशाला से शिमला के लिए रात 10 बजे विशेष बस चलेगी।
- चंबा डिपो से भी एक बस वाया पठानकोट–दिल्ली और दूसरी बस चंबा से शिमला भेजी जाएगी।
इसके साथ ही, 17 अक्टूबर को दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी से कुल 38 बसें राज्य में पहुंचीं — जिनमें 25 चंडीगढ़ से, 12 दिल्ली से और 1 बद्दी से आई। शनिवार को 60 बसें पहुंचीं जिनमें 33 चंडीगढ़, 12 दिल्ली और 15 बद्दी से थीं। रविवार, 19 अक्टूबर को भी विशेष बसें चलेंगी।
पंकज चड्ढा ने बताया कि दिवाली के बाद भी यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी के लिए अतिरिक्त बस सेवाएं जारी रहेंगी।