बारिश से बाधित मुकाबले में भारत को हार, ऑस्ट्रेलिया ने 1-0 की बढ़त ली
19 October, 2025
पर्थ के ओप्टस स्टेडियम में खेले गए बारिश से बाधित पहले वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को सात विकेट से हराया। भारत की नई वनडे कप्तानी की शुरुआत जीत के साथ नहीं हो सकी। डकवर्थ-लुईस नियम के तहत मेज़बान टीम को 26 ओवर में 131 रनों का लक्ष्य मिला, जिसे उसने 19.2 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए नाबाद 46 रन बनाए और टीम को जीत दिलाई। उनके साथ मैट रेनशॉ 21 रन बनाकर नाबाद रहे। जोश फिलिप ने भी 37 रनों की तेज़ पारी खेली। भारत के लिए अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ने एक-एक विकेट लिया।
बारिश ने बिगाड़ी भारत की लय
मैच के दौरान भारत की पारी में चार बार बारिश से खेल रुका, जिससे टीम की लय बार-बार टूटी। कप्तान शुभमन गिल सहित शीर्ष क्रम पूरी तरह विफल रहा।
- रोहित शर्मा 8 रन,
- विराट कोहली शून्य,
- गिल 10 रन बनाकर आउट हुए।
श्रेयस अय्यर (11) और अक्षर पटेल (31) ने कुछ हद तक पारी संभाली, जबकि केएल राहुल ने 38 रनों की उपयोगी पारी खेली। अंतिम ओवरों में पदार्पण कर रहे नीतीश कुमार रेड्डी ने दो छक्के लगाते हुए 19* रन बनाए और भारत को 136 तक पहुंचाया।
ऑस्ट्रेलिया की आसान जीत
लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत लड़खड़ाई, लेकिन कप्तान मार्श और फिलिप ने मिलकर टीम को जीत की राह पर ला दिया। दोनों के बीच 55 रनों की साझेदारी हुई। यह जीत ऑस्ट्रेलिया की ओप्टस स्टेडियम पर वनडे में पहली जीत भी रही।तीन मैचों की श्रृंखला में ऑस्ट्रेलिया ने 1-0 की बढ़त बना ली है।