कुरुक्षेत्र | एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर थाना प्रभारी उप-निरीक्षक विनय कुमार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
विजिलेंस निरीक्षक राकेश कुमार के मुताबिक, पंचकूला स्थित एसीबी के टोल-फ्री नंबर पर अनिल कुमार नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कुरुक्षेत्र शहर थाना प्रभारी एक सिविल केस में अदालत से नोटिस जारी होने के बाद उनके रिश्तेदारों को गिरफ्तार करने की धमकी देकर रकम की अवैध मांग कर रहा था।
शिकायतकर्ता ने बताया कि राहत दिलाने के नाम पर थाना प्रभारी ने 5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी, जिसमें से 3 लाख रुपये पहले ही ले चुका था। आरोपी एसएचओ सिल्वर सिटी निवासी सागर नामक व्यक्ति से रिश्वत की मांग कर रहा था। सागर के विदेश में होने के कारण आरोपी ने उसके परिवार को फंसाने और गिरफ्तार करने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कंट्रोल रूम ने तुरंत जिला विजिलेंस टीम को अलर्ट किया, जिसके बाद एसीबी ने जाल बिछाकर आरोपी थाना प्रभारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। मामले की जांच जारी है।