रेवाड़ी। जिले के बोहका गांव स्थित बणी (जंगल) क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष बताई जा रही है। शव कई दिनों पुराना प्रतीत हो रहा है और उसके दोनों पैर जंगली जानवरों द्वारा नोचे हुए थे। ग्रामीणों की सूचना पर खोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने आसपास के थानों में सूचना भेजकर शव की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही आस-पास के गांवों में मुनादी भी कराई जा रही है। मृतक ने कुर्ता-पायजामा पहन रखा था और शव से तेज बदबू आ रही थी, जिसके आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत को 3-4 दिन बीत चुके हैं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या और हत्या—दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि या तो व्यक्ति ने खुद पेड़ से फांसी लगाई होगी या फिर हत्या के बाद उसे फंदे पर लटकाया गया हो सकता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है।
फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद ही मामले की असली वजह सामने आ सकेगी। जांच जारी है।