करनाल | करनाल जिले के अराइपूरा गांव के पास बीती रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई, जिसमें युवक जिंदा जल गया।
मृतक की पहचान 27 वर्षीय सुनील के रूप में हुई है, जो ड्यूटी खत्म कर अपने घर लौट रहा था। जानकारी के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब सुनील अराइपूरा मोड़ के पास पहुंचा ही था कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक कई मीटर तक घसीटा गया और बाइक तुरंत आग की लपटों में घिर गई।
स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने डंपर चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए करनाल के सरकारी अस्पताल भिजवाया गया। आज शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के सही कारणों की जांच कर रही है।