राजस्थान | राजस्थान के जयपुर ग्रामीण क्षेत्र में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मनोहरपुर के पास मजदूरों को ले जा रही एक निजी बस हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई, जिससे पूरी बस में आग लग गई। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि आठ गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों में पांच की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना मंगलवार सुबह उस समय हुई जब मजदूरों से भरी बस मनोहरपुर के टोडी गांव स्थित ईंट भट्टे की ओर जा रही थी। रास्ते में बस अचानक 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई, जिसके चलते बस में करंट फैल गया और देखते ही देखते आग लग गई। आसपास मौजूद लोगों ने चीख–पुकार सुनकर पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घायलों को शाहपुरा उपजिला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को तत्काल जयपुर रेफर किया गया। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे की जगह पर हाईटेंशन बिजली लाइन काफी नीचे से गुजरती है, जिसकी जानकारी प्रशासन को कई बार दी जा चुकी है। हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। पुलिस हादसे के कारणों की गहन जांच कर रही है।