रोहतक। शुक्रवार सुबह जसिया-धामड़ रोड पर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक आरोपी साहिल पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने मौके से हथियार और कार बरामद की है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि झज्जर निवासी अक्षय, जो विदेश में बैठकर गैंग चला रहा है, ने झज्जर जेल में बंद नरेश उर्फ सेठी को एक कपड़ा व्यापारी की दुकान के बाहर फायरिंग करने का टारगेट दिया था। इसके बाद नरेश ने जमानत पर छूटे सांपला निवासी साहिल को यह काम सौंपा।
साहिल ने अपने साथियों प्रवीण, गौरव शर्मा, मोहित उर्फ काला और सन्नी उर्फ चमरा के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई थी। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान सभी को घेरकर काबू कर लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गैंग के तार विदेश में बैठे अक्षय और जेल में बंद नरेश से जुड़े हैं। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क के वित्तीय लेनदेन और अन्य आपराधिक गतिविधियों की तहकीकात में जुटी हैं।