सतना | सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार को सतना शहर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बीजेपी सांसद गणेश सिंह ने एक मशीन ऑपरेटर को सबके सामने थप्पड़ जड़ दिया। यह घटना सेमरिया चौक स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास हुई, जहां सांसद माल्यार्पण करने पहुंचे थे।
सूत्रों के अनुसार, सांसद को हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से ऊपर उठाकर प्रतिमा पर माला चढ़ाई जा रही थी। माल्यार्पण के बाद नीचे लौटते वक्त मशीन अचानक बीच में ही रुक गई, जिससे सांसद कुछ सेकंड तक हवा में झूलते रहे। मशीन के असंतुलित होने पर नाराज सांसद नीचे उतरते ही ऑपरेटर के पास पहुंचे और भीड़ के सामने उसे जोरदार तमाचा मार दिया।
घटना के समय मौके पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ता, नगर निगम अधिकारी और प्रशासनिक अमला हैरान रह गया। कुछ लोगों ने यह पूरी घटना मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
इस विवाद के बाद ‘रन फॉर यूनिटी’ का माहौल फीका पड़ गया। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता और सद्भाव का संदेश देना था, लेकिन सांसद की यह हरकत लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को ऐसे सार्वजनिक आयोजनों में संयम और मर्यादा का पालन करना चाहिए ताकि ऐसे राष्ट्रीय अवसरों की गरिमा बनी रहे।