जालंधर | लम्मा पिंड चौक पर स्थापित शहीद उधम सिंह की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। स्थानीय समाजसेवक डॉ. सुरिंदर कल्याण और मार्केट के दुकानदारों ने इस घटना पर गहरा रोष व्यक्त किया है।
जानकारी के अनुसार, गत रात कुछ अज्ञात शरारती तत्वों ने प्रतिमा के हाथ में लगी पिस्तौल और उंगली को नुकसान पहुंचाया, जिससे मूर्ति को क्षति हुई। लोगों ने इस कृत्य को बेहद शर्मनाक और देशभक्तों का अपमान बताया है।
डॉ. सुरिंदर कल्याण ने कहा कि जिन शहीदों ने देश की आज़ादी के लिए अपना बलिदान दिया, उनके बुतों के साथ ऐसी हरकतें करना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं।
समाजसेवकों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में स्थापित सभी शहीदों की प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके और दोषियों को पकड़ा जा सके।