नूंह I हरियाणा के नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका विधानसभा क्षेत्र में बीमा मार्ग पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति और उनके दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर मांडीखेड़ा अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक तशरीफ (40) अपनी पत्नी साहिनी (35) और बेटों अहसान (15) तथा अरफान (10) के साथ अपनी ससुराल जा रहे थे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। सभी मृतक गांव खुशपुरी (थाना नगीना, नूंह) के रहने वाले थे।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद खुशपुरी गांव और फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
फिरोजपुर झिरका थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। साथ ही पीड़ित परिवार को हादसे की जानकारी दे दी गई है।