पंचकूला। हरियाणा सरकार ने राज्यभर के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब मरीजों को दवाइयों की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि सरकार ने ₹92 करोड़ की लागत से आधुनिक चिकित्सकीय उपकरणों और दवाओं की खरीद को मंजूरी दे दी है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आरती सिंह राव की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में कई अहम प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। निर्णय के तहत, 4.64 करोड़ रुपये की लागत से 87 डिफाइब्रिलेटर, 1 करोड़ रुपये की 40 मोबाइल एक्स-रे मशीनें, 4 करोड़ रुपये की 11 वीडियो ब्रोंकोस्कोप, और 7 करोड़ रुपये की जीआई वीडियो एंडोस्कोपी सिस्टम की खरीद की जाएगी।
इसके अलावा, हिस्टोपैथोलॉजी विभागों के लिए 1.60 करोड़ रुपये में 9 स्वचालित स्लाइड स्टेनर और दंत विभागों के लिए 2.25 करोड़ रुपये की लागत से 4 मोबाइल डेंटल वैन खरीदने की भी स्वीकृति दी गई है।
सरकार का कहना है कि इन अत्याधुनिक उपकरणों से राज्य के अस्पतालों में मरीजों को और अधिक तेज़, सटीक और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।