खरड़ । मोहाली पुलिस की सीआईए टीम ने सोमवार सुबह लक्की पटियाला गैंग से जुड़े कुख्यात शार्प शूटर रणवीर राणा को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया। यह मुठभेड़ खरड़ के भूखड़ी गांव स्थित बंद फ्लैटों में हुई, जहां आरोपी छिपा हुआ था।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को रणवीर राणा के ठिकाने की गुप्त सूचना मिली थी। टीम ने जब छापेमारी की, तो आरोपी ने पुलिस पर तीन राउंड फायर कर दिए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे वह गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रणवीर राणा पर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। घायल आरोपी को मोहाली के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस ने मौके से एक पिस्तौल, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। टीम अब यह जांच कर रही है कि वह पिछले दिनों हुई किसी बड़ी वारदात में शामिल था या नहीं।