चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा का शीतकालीन सत्र दिसंबर महीने में आयोजित किया जाएगा। सत्र की तारीखों की औपचारिक घोषणा जल्द की जाएगी। विधानसभा के इस सत्र के दौरान सर्वश्रेष्ठ विधायक और सर्वश्रेष्ठ अधिकारी को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए विधानसभा के नियमों में संशोधन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विधानसभा स्पीकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि नई विधानसभा भवन के निर्माण के लिए प्रक्रिया जारी है और सरकार इसके लिए विभिन्न विकल्पों पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में काम करने वाले सभी कर्मचारियों — अधिकारियों से लेकर चपरासियों तक — को प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि कार्य प्रणाली और अधिक सुचारू हो सके।
स्पीकर ने यह भी जानकारी दी कि विधानसभा नियमों में व्यापक संशोधन किए जा रहे हैं और इसके लिए एक सेवानिवृत्त विधि विशेषज्ञ को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह प्रक्रिया पिछले चार महीनों से जारी है और जल्द इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।