अंबाला | हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति झूठ और फर्जीवाड़े पर आधारित है, जबकि भाजपा जनता के भरोसे पर खरा उतरने वाली पार्टी है।
रविवार को मीडिया से बातचीत में विज ने राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं के आरोपों को निराधार, भ्रामक और भड़काऊ बताया। उन्होंने कहा, “फर्जी वोट कांग्रेस की संस्कृति है, भाजपा की नहीं। हमने कई बार उन्हें रंगे हाथों पकड़ा है।”
“कांग्रेस का काम झूठ फैलाना है”
विज ने कहा कि कांग्रेस नेता जनता को गुमराह करने में माहिर हैं। राहुल गांधी अधूरी बातें करके भ्रम फैलाते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “अंबाला के साहा क्षेत्र में 223 फर्जी वोट पाए गए थे, जहां कांग्रेस का विधायक और सांसद दोनों जीते हैं। इससे साफ है कि कांग्रेस चुनाव में फर्जीवाड़े से फायदा उठाने की कोशिश करती है।”
“खरगे ने खुद माना, बिहार में था जंगलराज”
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बिहार संबंधी बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा कि खरगे ने खुद स्वीकार किया है कि बिहार में पहले जंगलराज और कट्टा राज था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अब जब तेजस्वी यादव चुनाव हार चुके हैं, तो उन्हें अपने पिता लालू प्रसाद यादव की सेवा करनी चाहिए।”
“प्रियंका गांधी के आरोप निराधार”
प्रधानमंत्री मोदी पर प्रियंका गांधी की टिप्पणी पर बोलते हुए विज ने कहा कि प्रधानमंत्री ने केवल इतिहास का संदर्भ दिया था। उन्होंने कहा, “पीएम ने ‘कट्टों’ और ‘ब्रह्मोस’ शब्दों का उल्लेख देश की ताकत और तुलना के संदर्भ में किया था। जो इतिहास में दर्ज है, वही कहा गया।”
“चुनाव आयोग पर टिप्पणी हास्यास्पद”
विज ने कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के उस बयान की आलोचना की, जिसमें उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को भाजपा का ‘पन्ना प्रमुख’ कहा था। विज ने कहा, “यह आरोप बेतुका है। चुनाव आयोग का काम वोट बनाना और मतदाता सूची तैयार करना है। कांग्रेस बिना कारण संस्थाओं को बदनाम करने की राजनीति कर रही है।”