पंचकूला | पंचकूला में गुरुवार को हरियाणा के राज्यसभा सदस्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने दिल्ली में हाल ही में हुए धमाके पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह घटना बेहद निंदनीय और गंभीर है, लेकिन इसमें हरियाणा के फरीदाबाद की किसी यूनिवर्सिटी या वहां के लोगों की कोई भूमिका नहीं है।
मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि जांच एजेंसियां लगातार इस मामले की तहकीकात कर रही हैं। “फरीदाबाद में बाहर से कई छात्र पढ़ाई करने आते हैं। फिलहाल जांच जारी है, और यदि किसी की भी संलिप्तता पाई गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी,” उन्होंने कहा।
उन्होंने सुरक्षा चूक से जुड़े सवाल पर जवाब देते हुए बताया कि “इस मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि घटना में कौन-कौन शामिल था और इसे कहां से संचालित किया गया।”
मंत्री ने आगे बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। “घटना से जुड़े हर व्यक्ति और संगठन की जांच की जा रही है। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा,” गोयल ने कहा।
विपुल गोयल ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य और केंद्र, दोनों स्तर पर सुरक्षा एजेंसियां मिलकर पूरे नेटवर्क को ट्रेस कर रही हैं ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।