नई दिल्ली | आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को गुजरात की विसावदर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी गोपाल इटालिया के समर्थन में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। यह जनसभा सौराष्ट्र के कलसारी गांव में आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुटे।
सभा के दौरान केजरीवाल ने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर हमला बोलते हुए कहा कि “अबकी बार विसावदर की जनता भाजपा को सबक सिखाएगी। पिछले 20 वर्षों से यहां भाजपा को जन समर्थन नहीं मिला और इस बार भी नहीं मिलेगा।”
“कांग्रेस भाजपा की गोद में बैठी है”
केजरीवाल ने कांग्रेस पर भी तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस को वोट देना सिर्फ वोट खराब करना है। “कांग्रेस अब भाजपा की कठपुतली बन चुकी है। इसलिए लोगों को आम आदमी पार्टी को मौका देना चाहिए।”
“विसावदर के लोग फाइटर हैं”
उन्होंने कहा कि “गुजरात में पिछले 30 वर्षों से भाजपा की सरकार है, लेकिन विसावदर ने बीते दो दशकों से भाजपा को बाहर रखा है। भाजपा का पैसा और तंत्र यहां फेल हुआ है, ये जनता की ताकत है।”
“गोपाल इटालिया को कोई खरीद नहीं सकता”
गोपाल इटालिया को AAP का ईमानदार और संघर्षशील चेहरा बताते हुए केजरीवाल ने कहा, “गोपाल एक साधारण परिवार से आते हैं। उन्होंने पुलिस की नौकरी को छोड़कर जनसेवा का रास्ता चुना। करोड़ों रुपए के ऑफर दिए गए, लेकिन वह झुके नहीं, बिके नहीं।”
“फर्जी वोट डालने से सतर्क रहें”
केजरीवाल ने लोगों से सुबह 7 बजे मतदान केंद्र पर पहुंचने की अपील की ताकि भाजपा की किसी भी फर्जीवाड़े को रोका जा सके। उन्होंने कहा, “वोट डालने के बाद ही नाश्ता करें।”
“सुगंधनामा साइन कर किए 15 वादे”
केजरीवाल ने बताया कि गोपाल इटालिया ने जनता के सामने एक लिखित संकल्प पत्र (सुगंधनामा) जारी किया है जिसमें 15 प्रमुख कार्यों का वादा किया गया है। “अगर वह ये वादे पूरे न करें, तो अगली बार वोट न देना। लेकिन उन्हें एक मौका जरूर दें।”
“बिना वोट मांगे न दें समर्थन”
सभा के अंत में केजरीवाल ने कहा, “जैसे बिना बुलाए कोई शादी में नहीं जाता, वैसे ही बिना वोट मांगे किसी को समर्थन न दें। मैं, भगवंत मान और आतिशी खुद आपके पास वोट मांगने आए हैं, क्योंकि हम आपके वोट का सम्मान करते हैं।”