कुरुक्षेत्र। आगामी अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से मनाने के लिए पुलिस विभाग ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। महोत्सव में 21 दिन तक श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर में यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए व्यापक योजना बनाई गई है।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के नेतृत्व में महोत्सव में 10 डीएसपी और 1200 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 21 बाइक राइडर और पीसीआर वाहन भी महोत्सव क्षेत्र में रखे जाएंगे, जो हर मार्ग और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर नजर रखेंगे।
यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए ऑटो और ई-रिक्शा के लिए अलग स्टैंड बनाए गए हैं और उनके लिए विशेष रूट तय किए गए हैं। शहर के बाहरी इलाकों में 17 और ब्रह्म सरोवर के आसपास 16 नाके लगाए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर भारी वाहनों को डायवर्ट किया जा सके।
सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए ब्रह्म सरोवर परिसर में लगभग 200 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। शरारती तत्वों पर विशेष निगरानी रखने के लिए सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी 24 घंटे गश्त करेंगे। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भीड़ में किसी भी प्रकार के उत्पात को रोकने के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा और किसी भी शरारती व्यक्ति को मेले के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतीक गहलोत, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सुनील कुमार, शाहाबाद के राम कुमार, पिहोवा के निर्मल सिंह, अंबाला के रमेश कुमार, बिलासपुर के हरविंद्र सिंह, लाडवा के रणधीर सिंह सहित जिले व आसपास के जिलों से पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
महोत्सव में सुरक्षा, निगरानी और यातायात प्रबंधन को लेकर पुलिस ने सभी अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए हैं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में धार्मिक उत्सव का आनंद ले सकें।