करनाल I करनाल अनाज मंडी में फर्जी गेट पास के माध्यम से करोड़ों रुपये की धान खरीद घोटाले का पर्दाफाश होने के बाद जांच और कार्रवाई तेज हो गई है। मामले में मंडी सचिव समेत कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और अब तक कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों में दो प्राइवेट ऑपरेटर और एक पूर्व सुपरवाइजर शामिल हैं, जो फिलहाल जेल में हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है। इस मामले में मंडी सचिव और ऑक्शन रिकॉर्डर को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच में शामिल किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उससे कड़ी पूछताछ की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कृषि मंत्री का बयान
हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने इस घोटाले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार द्वारा बनाए गए सभी कानून किसानों की सुविधा के लिए हैं, लेकिन उनका दुरुपयोग बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, “मामले में चाहे कोई भी अधिकारी शामिल हो, सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद दोषियों को कोई भी छूट नहीं मिलेगी।”
फर्जी गेट पास के जरिए धान की खरीद
जानकारी के अनुसार, करनाल मंडी में फर्जी गेट पास का इस्तेमाल करके धान की नकली खरीद की गई। जिला प्रशासन और पुलिस लगातार जांच कर रहे हैं और जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, और भी कई खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।