पंचकूला। शहर के सरकारी पार्कों से लगातार लाइट चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने दो आरोपियों शीतल और विश्वनाथ को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को ई-रिक्शा में लादकर लाइट्स चोरी करते सीसीटीवी फुटेज में पकड़ा गया। दोनों ने 20 से अधिक सरकारी लाइट चोरी करने की बात कबूली है।
जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि उनसे विस्तृत पूछताछ की जा सके। शीतल और विश्वनाथ पंचकूला के भैंसा टिब्बा गांव के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि कुछ दिन पहले मनसा देवी क्षेत्र के नए पार्क में लगी लाइट्स चोरी हो गई थी। मामले की शिकायत के बाद एमडीसी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की और आरोपियों को पकड़ा।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया, सभी में वे लाइट्स को ई-रिक्शा में लादकर फरार हो जाते थे। पुलिस अब बाकी चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। इस गिरफ्तारी से शहर में चोरी की घटनाओं को रोकने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।