Palwal, 23 November-:पलवल जिले के गांव ततारपुर में हथियारबंद बदमाशों द्वारा घर में घुसकर मारपीट करने और थार गाड़ी से युवक को टक्कर मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़ित प्रेम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने चाचा के बेटे गौतम के साथ घर से ततारपुर चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार पृथला गांव निवासी अक्षय और दो अन्य युवक पहुंचे और गौतम को चलती बाइक से थप्पड़ मार दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने जातिसूचक गालियां दीं और धमकी दी कि वे जल्द ही वापस आएंगे।करीब डेढ़ घंटे बाद अक्षय 15–20 युवकों के साथ तीन गाड़ियों में सवार होकर गांव पहुंचा। आरोप है कि उनके हाथों में पिस्टल, देशी कट्टे और डंडे थे। बदमाश प्रेम के घर के बाहर इकट्ठा हो गए और गौतम को देखते ही उस पर लात-घूसों और डंडों से हमला कर दिया।गौतम की चीख-पुकार सुनकर प्रेम और उसके चाचा महावीर बाहर आए, तभी अक्षय ने कथित रूप से अपनी थार गाड़ी से महावीर को टक्कर मार दी। वहीं गाड़ियों में सवार दीपक, विरेन, मड्डू और अन्य युवकों ने गौतम के साथ जमकर मारपीट की और उसे जातिसूचक गालियां देकर अपमानित किया।हंगामा बढ़ता देख गांव के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए, जिसके बाद आरोपी धमकियां देते हुए फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महावीर को अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है।
गदपुरी थाना पुलिस ने प्रेम सिंह की शिकायत पर अक्षय, दीपक उर्फ बीजू, विरेन, मड्डू सहित 15–20 अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज सहित सभी पहलुओं की छानबीन की जा रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।