कुरुक्षेत्र | अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की भव्य शुरुआत सोमवार को उस समय और विशेष हो गई जब केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कुरुक्षेत्र पहुंचे। उन्होंने पवित्र ब्रह्म सरोवर के तट पर विधिवत पूजन और हवन में आहुति देकर महोत्सव का शुभारंभ किया। वैदिक मंत्रोच्चारण, शंखनाद और भक्तिभाव से भरे माहौल में आयोजित यह कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण रहा।
रक्षा मंत्री ने कहा कि भगवद्गीता केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन और राष्ट्र निर्माण का प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे गीता के संदेशों को जीवन में अपनाकर समाज और देश के विकास में योगदान दें।
इसके बाद राजनाथ सिंह ने महोत्सव स्थल पर स्थापित हरियाणा पवेलियन का औपचारिक उद्घाटन किया। यह पवेलियन राज्य की सांस्कृतिक धरोहर, कृषि, उद्योग, हस्तशिल्प और पर्यटन को एक ही छत के नीचे प्रस्तुत करता है। उद्घाटन समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पवेलियन में लगाए गए स्टॉल्स पर पारंपरिक कला, स्थानीय उत्पाद और गीता आधारित प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने।
रक्षा मंत्री सुबह विशेष विमान से अंबाला छावनी एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे, जहां राज्य के ऊर्जा, परिवहन व श्रम मंत्री अनिल विज ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राजनाथ सिंह और अनिल विज भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर से कुरुक्षेत्र पहुंचे, जहां महोत्सव की तैयारियों और कार्यक्रमों का जायजा भी लिया गया।