Dharamshala, Rahul -:धर्मशाला के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 14 दिसंबर को होने वाले भारत–साउथ अफ्रीका टी-20 मुकाबले की तैयारियां जोर पकड़े हुए हैं। आयोजन के निर्विघ्न संचालन और अनुकूल मौसम की मंगल कामना के लिए हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) की टीम मंगलवार को इंद्रूनाग देवता के पवित्र दरबार पहुंची। यहाँ एचपीसीए के पदाधिकारियों ने विधिवत पूजा-अर्चना और हवन कर अगामी मुकाबले की सफलता के लिए आशीर्वाद मांगा।
धर्मशाला क्षेत्र में इंद्रूनाग देवता को वर्षा के अधिष्ठाता देव के रूप में पूजा जाता है। स्थानीय परंपरा के अनुसार, बड़े आयोजनों से पूर्व इंद्रूनाग देवता से अनुकूल मौसम की कामना की जाती है, ताकि किसी भी प्रकार की प्राकृतिक बाधा कार्यक्रम को प्रभावित न करे। इसी कड़ी को निभाते हुए हर बार की तरह इस बार भी एचपीसीए के अधिकारी मंदिर पहुंचे और विशेष पूजा कर सफल आयोजन की मन्नत मांगी।पूजा-अर्चना के पश्चात मंदिर परिसर में भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। स्थानीय लोगों का भी मानना है कि जब भी क्षेत्र में बारिश का संकट मंडराता है, तो लोग इंद्रूनाग देवता के दरबार जाकर मानसून पर नियंत्रण हेतु प्रार्थना करते हैं। यही नहीं, नई फसल आने पर भी सबसे पहले इंद्रूनाग देवता को अर्पित की जाती है, जो इस क्षेत्र की आस्था और परंपरा का प्रमुख हिस्सा है।
इस अवसर पर एचपीसीए के निदेशक संजय शर्मा ने कहा कि इंद्रूनाग देवता का आशीर्वाद हमेशा एचपीसीए के साथ रहा है और इसी आस्था के चलते हर बड़े आयोजन से पहले देवता के दरबार में हाज़िरी लगाई जाती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार भी देवता की कृपा से 14 दिसंबर को होने वाला टी-20 मुकाबला बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न होगा।
संजय शर्मा, निदेशक, एचपीसीए
14 दिसंबर के भारत–साउथ अफ्रीका टी-20 मैच को लेकर इंद्रूनाग देवता के मंदिर में हवन और पूजा-अर्चना की गई है। देवता का आशीर्वाद हमें हर बार मिलता रहा है और इस बार भी मैच सफलतापूर्वक पूरा होगा, ऐसी हमारी पूर्ण आशा है।