पानीपत I कफ सिरप तस्करी केस: ईडी ने भाजपा नेता के बेटे नीरज भाटिया की एक करोड़ की संपत्ति जब्त की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के जम्मू सब-जोन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता नीतिसेन भाटिया के बेटे नीरज भाटिया की कंपनी से जुड़ी एक करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली। नीरज भाटिया हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में स्थित हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड में पार्टनर हैं। उनके भाई नवीन भाटिया, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष हैं और पूर्व सांसद संजय भाटिया के करीबी रिश्तेदार हैं।
कफ सिरप सप्लाई केस में कसा शिकंजा
यह कार्रवाई जम्मू नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा दर्ज उस केस के आधार पर की गई है, जिसमें नीरज भाटिया, निकेत कंसल और उनके सहयोगियों पर प्रतिबंधित कोरेक्स और कोडीन आधारित कफ सिरप को नशे के तौर पर अवैध रूप से सप्लाई करने के आरोप लगे थे।
ईडी प्रवक्ता के अनुसार, जांच में सामने आया कि कंपनी ने वर्ष 2018 से 2024 के बीच बड़ी मात्रा में कफ सिरप एसएस इंडस्ट्रीज, कंसल इंडस्ट्रीज, नोवेटा फार्मा, कंसल फार्मास्यूटिकल्स और एनके फार्मास्यूटिकल्स को भेजे थे।
फरवरी 2025 की छापेमारी में नकदी–आभूषण बरामद
ईडी ने फरवरी 2025 में नीरज भाटिया के आवास पर छापेमारी की थी। यहां से 32 लाख रुपये नकद और 1.61 करोड़ रुपये के आभूषण बरामद किए गए। अब एजेंसी ने कंपनी की पानीपत स्थित जमीन, पर किसी भी उपयोग और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। नीरज भाटिया सिरमौर ड्रग मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं।
नवीन भाटिया के घर पर 17 घंटे की कार्रवाई
जांच एजेंसी फरवरी 2025 में पानीपत पहुंची थी और नवीन भाटिया के मॉडल टाउन स्थित घर में 17 घंटे तक सर्वे किया था। यहां से छह लाख रुपये नकद, विदेशी शराब, 50–60 खाली ज्वेलरी बॉक्स, डिफेंडर सहित पांच लग्जरी वाहन और दो विदेशी नस्ल के कुत्ते मिले थे। टीम उनके घर से तीन बड़े बॉक्स और एक थैला सामान भी साथ ले गई थी।