धारूहेड़ा । आर्थिक संकट के कारण पढ़ाई रुक जाने से मानसिक तनाव में आई आठवीं कक्षा की छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। 14 वर्षीय रिंकू के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी, जिसके चलते कुछ समय पहले उसकी स्कूल फीस जमा नहीं हो पाई और उसे पढ़ाई छोड़नी पड़ी। इससे वह अंदर ही अंदर टूट गई और तनाव में रहने लगी।
किराए के घर में मिली लटकती हुई
मूल रूप से बिहार के मोतिहारी की रहने वाली रिंकू अपने परिवार के साथ धारूहेड़ा के सेक्टर-6, हाउसिंग बोर्ड पार्ट-2 स्थित किराए के मकान में रहती थी। सोमवार शाम करीब 6:30 बजे जब माता-पिता काम से घर लौटे, तो उन्होंने रिंकू को कमरे में फंदे पर लटका पाया। उसे तुरंत पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पढ़ाई में होशियार थी रिंकू
परिजनों के अनुसार रिंकू पढ़ाई में काफी अच्छी थी और स्कूल बंद होने की वजह से बेहद परेशान रहती थी। स्कूल न जा पाने से वह मानसिक रूप से कमजोर होने लगी थी। परिवार ने पुलिस को बताया कि पढ़ाई छूटने का दर्द ही उसकी आत्महत्या की वजह बना।
परिवार की आर्थिक हालत बेहद खराब
रिंकू के पिता अखिलेश इलेक्ट्रीशियन का काम करते हैं, जबकि उसकी मां सब्जी की रेहड़ी लगाती है। पांच भाई-बहनों में रिंकू तीसरे नंबर पर थी। घटना के समय माता-पिता काम पर थे और बाकी भाई-बहन बाहर खेल रहे थे। घर पर वह अकेली थी।
पुलिस जांच जारी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की जांच की। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण बच्ची का मानसिक तनाव बताया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।