मंडी | मंडी शहर के बाईपास पर 6 करोड़ रुपये की लागत से नई रेहड़ी-फड़ी मार्किट का निर्माण किया जा रहा है, जिसे पूरा शहर एक ही स्थान पर रेहड़ी-फड़ी लगाने के लिए तैयार किया जा रहा है। इस पहल से मंडी शहर में फैली रेहड़ी-फड़ी का अतिक्रमण समाप्त होगा और शहर साफ-सुथरा नजर आएगा।
वर्तमान में मंडी शहर में 300 से अधिक रेहड़ी-फड़ी हैं, जो विभिन्न स्थानों पर लगाकर रोज़गार कमाते हैं। लेकिन अब सभी रेहड़ी-फड़ी धारकों को एकत्रित करके एक ही स्थान पर मार्किट का निर्माण किया जा रहा है। इस मार्किट में लगभग 400 रेहड़ियों के लिए स्थान बनाया जाएगा और जो खाली जगह बचेगी उसे पार्किंग के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।
मंडी सदर के विधायक अनिल शर्मा ने बताया, “निर्माण कार्य के लिए दो करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध हो चुकी है। विधायक निधि से 25 लाख रुपये इस कार्य के लिए दिए गए हैं। हम उम्मीद करते हैं कि यह कार्य शिवरात्रि तक पूरा हो जाएगा और संभव हुआ तो इसी दौरान मार्किट का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा।”
लोकनिर्माण विभाग इस मार्किट का निर्माण कर रहा है। मार्किट को और सुविधाजनक बनाने के लिए रेहड़ी-फड़ी धारक यूनिफॉर्म मार्केट साइज शेड का निर्माण भी कर सकते हैं। फिलहाल नए रेहड़ी-फड़ी धारकों को मार्किट में जगह नहीं दी जाएगी, लेकिन भविष्य में विस्तार की आवश्यकता होने पर इसे सुंदरनगर की ओर बढ़ाया जाएगा।