महेंद्रगढ़ | महेंद्रगढ़ जिले के कनीना क्षेत्र के गांव नौताना में दो परिवारों के बीच चल रही पुरानी रंजिश एक बड़े हादसे का कारण बन गई। देर शाम एक स्कॉर्पियो ने 62 वर्षीय बुजुर्ग सूबे सिंह को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही हालत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में तीन युवक भी घायल हुए हैं।
झगड़े से समझौता कराने गए थे, लौटते समय हुआ हादसा
मृतक के भाई श्योचंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले सूबे सिंह के बेटे हैप्पी का गांव के कुछ युवकों से विवाद हुआ था। शुक्रवार को श्योचंद, सूबे सिंह और हैप्पी अपने रिश्तेदारों के साथ युवकों से समझौता कराने गए थे, लेकिन बात नहीं बनी। इसी दौरान युवकों ने हैप्पी और उसके दो चचेरे भाइयों के साथ मारपीट भी की।
इसके बाद पूरा परिवार प्लॉट से घर लौट रहा था। श्योचंद के मुताबिक, जब सभी लोग सड़क से नीचे उतर रहे थे, उसी समय सामने से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आई और सीधे सूबे सिंह को टक्कर मार दी।
छाती में गंभीर चोट, अस्पताल में तोड़ा दम
टक्कर लगने से सूबे सिंह सड़क पर गिर पड़े और उनकी छाती में गंभीर चोट आई। परिजन उन्हें तुरंत कनीना उप-नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में घायल तीन युवकों का उपचार जारी है।
परिजनों का आरोप — बेटे से रंजिश के कारण पिता को मारी टक्कर
परिजनों ने आरोप लगाया है कि हैप्पी से पुरानी रंजिश निकालने के लिए आरोपी पक्ष ने जानबूझकर सूबे सिंह को निशाना बनाया। मृतक के भाई श्योचंद ने एक नामजद सहित पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।