Chamba, Manjur Pathan-:चंबा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र के आकांक्षी खंड तीसा में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने और बच्चों के सर्वांगीण विकास को गति देने के उद्देश्य से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। मैजिक बस फाउंडेशन और आकांक्षी खंड प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में क्षेत्र के 62 सरकारी स्कूलों के प्रभारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में सुधार, शिक्षण-पद्धति को सुदृढ़ करने और बच्चों के लिए अनुकूल व विकसित वातावरण तैयार करने पर विस्तृत चर्चा करना था।
बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी (BDO) तीसा अरविंद कुमार ने की।उन्होंने शिक्षा विभाग की भूमिका, उसकी वर्तमान स्थिति और आकांक्षी खंड के शिक्षा इंडिकेटर्स पर गहन मंथन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्कूलों में बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में ठोस और परिणामोन्मुख कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों को ऐसा वातावरण मिलना चाहिए, जिसमें वे न केवल अकादमिक रूप से बल्कि व्यक्तिगत, सामाजिक और रचनात्मक आयामों में भी आगे बढ़ सकें।बैठक में यह भी चर्चा हुई कि शिक्षा विभाग किस प्रकार आकांक्षी खंड के उद्देश्यों के अनुरूप कार्य कर रहा है और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है।स्कूल प्रभारियों ने अपनी चुनौतियों, उपलब्ध संसाधनों और भविष्य की जरूरतों पर भी विचार-विमर्श किया। सभी प्रभारियों ने यह संकल्प लिया कि वे शिक्षा सूचकांकों में सुधार लाने और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर कार्य करेंगे।
इसी दौरान खंड विकास अधिकारी अरविंद कुमार ने कहा कि मैजिक बस फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित यह कार्यशाला बच्चों के कल्याण और शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि 62 स्कूलों के प्रभारियों के साथ यह संवाद बेहद सार्थक रहा और इससे शिक्षा के क्षेत्र में नए प्रयासों की दिशा तय होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में इन प्रयासों के सकारात्मक और ठोस परिणाम देखने को मिलेंगे।सरकार द्वारा आकांक्षी खंड में शिक्षा को प्राथमिकता देने और उसके स्तर को ऊंचा उठाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस कार्यशाला ने इन प्रयासों को और गति देने का काम किया है।