चंडीगढ़ | केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को भाखड़ा-ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (BBMB) ने 17.62 लाख रुपये की रिकवरी के लिए नोटिस जारी किया है। यह नोटिस नंगल टाउनशिप कॉलोनी में उनके नाम पर अलॉट किए गए दो घरों पर बिना अनुमति कब्जा करने के आरोप में भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ये घर बिट्टू को तब अलॉट किए गए थे जब वे कांग्रेस पार्टी के सांसद थे। इनमें से एक घर का इस्तेमाल वर्तमान में कांग्रेस पार्टी कार्यालय के रूप में हो रहा है।
सूत्रों का कहना है कि मंत्री बिट्टू को पहले भी कई नोटिस भेजे गए थे, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इससे प्रभावित होकर बोर्ड ने इन संपत्तियों पर पेनल्टी रेट लागू किया और अब किराया न देने के कारण 17.62 लाख रुपये की रिकवरी नोटिस जारी की गई है।
यह मामला और तब सुर्खियों में आया जब यह पता चला कि नंगल में कांग्रेस कार्यालय अभी भी बिट्टू के नाम पर रजिस्टर्ड है। गौरतलब है कि बिट्टू ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद केंद्र सरकार में मंत्री के पद की शपथ ली है।