कुरुक्षेत्र | हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में एक शादी समारोह में शगुन का बैग चोरी हो गया, जिसमें लगभग 8 से 10 लाख रुपए होने की संभावना बताई जा रही है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी दूल्हे-दुल्हन को आशीर्वाद देने पहुंचे थे।
घटना सीएम के समारोह से लौटने के कुछ ही देर बाद हुई। चोरों ने गाड़ी की सीट के नीचे रखे बैग को निकालकर ले गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।
CCTV में चोर मेहमान बनकर दिखे
प्राप्त फुटेज में चोरों को फंक्शन में खाना खाते और फिर आराम से बैग लेकर रिसॉर्ट से बाहर निकलते देखा गया। पुलिस के अनुसार, चोर पहले से ही मेहमान बनकर समारोह में शामिल हुए थे, जिससे किसी को शक नहीं हुआ।
शगुन की जिम्मेदारी रिश्तेदार पर थी
दूल्हे के पिता, हरदीप सिंह, ने बताया कि सीएम के जाने के बाद उन्होंने मिठाई निकालते समय बैग गाड़ी की सीट के नीचे रख दिया था। चोरों ने इसी मौके का फायदा उठाकर बैग ले लिया। इस बैग में कई रिश्तेदारों के शगुन की राशि रखी हुई थी।
पुलिस जांच और FIR दर्ज
परिवार ने अगली सुबह सेक्टर-8 पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई। चौकी इंचार्ज कमल कुमार ने बताया कि घटना के आधार पर थाना सिटी थानेसर में FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और CCTV फुटेज की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल कोई आरोपी पकड़ में नहीं आया है।
यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि मुख्यमंत्री की मौजूदगी के बावजूद चोर आसानी से शगुन बैग लेकर चले गए।