अंबाला | हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने एचआर-88बी-8888 वीआईपी नंबर की नीलामी में रिकॉर्ड बोली लगाने के बाद भुगतान न करने वाले व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि संबंधित व्यक्ति की आय और संपत्ति की विस्तृत जांच करवाई जाएगी, जिससे यह पता लगाया जा सके कि क्या उसके पास वास्तव में 1.17 करोड़ रुपये की बोली लगाने की आर्थिक क्षमता थी या नहीं।
1.17 करोड़ की बोली लगाकर पीछे हट गया बोलीदाता
हाल ही में चरखी दादरी के बाढ़ड़ा उपमंडल में वीआईपी नंबर HR-88B-8888 की ऑनलाइन नीलामी हुई थी। इस विशेष नंबर पर बोली 1.17 करोड़ रुपये तक पहुंची, जिसे हिसार के एक व्यक्ति ने लगाया था।
नीलामी के नियमों के अनुसार उसने 11 हजार रुपये की सुरक्षा राशि तो जमा करा दी, लेकिन अंतिम तिथि तक बोली की पूरी राशि जमा नहीं की। इसके चलते उसकी सुरक्षा राशि जब्त कर ली गई।
‘बोली लगाना शौक नहीं, जिम्मेदारी है’ : अनिल विज
मीडिया से बातचीत में मंत्री विज ने कहा कि fancy और VIP नंबरों की नीलामी राज्य के लिए महत्वपूर्ण राजस्व स्रोत हैं, और लोग इन्हें प्रतिष्ठा के रूप में देखते हैं।
उन्होंने कहा ,“कई लोग बड़ी-बड़ी बोलियां लगाकर पीछे हट जाते हैं। यह सिर्फ दिखावा नहीं होना चाहिए। जिस व्यक्ति ने 1.17 करोड़ की बोली लगाई, उसकी आर्थिक क्षमता की जांच जरूरी है।”
आयकर विभाग को भेजा जाएगा पत्र
विज ने बताया कि इस मामले में परिवहन विभाग के अधिकारियों को जांच के आदेश दिए जा चुके हैं। साथ ही, आयकर विभाग को पत्र भेजकर विस्तृत वित्तीय जांच कराने की तैयारी चल रही है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति गलत जानकारी देकर या महज शौक में बोली लगाकर नीलामी प्रक्रिया को प्रभावित न कर सके।